The Chanakya TV Rajasthan

कवाई// देवधाम में 56 लाख की पेयजल टंकी श्रद्धालुओं को समर्पित, विधायक राधेश्याम बैरवा ने किया शुभारंभ

कवाई// झाडौता स्थित देव नारायण मंदिर परिसर में शनिवार को 56 लाख रुपये की लागत से निर्मित पेयजल टंकी का लोकार्पण विधायक राधेश्याम बैरवा के मुख्य आतिथ्य में सम्पन्न हुआ। इस पेयजल टंकी के चालू होने से क्षेत्रवासियों एवं देवधाम पर आने वाले श्रद्धालुओं को वर्षों से चली आ रही पेयजल समस्या से निजात मिलेगी।

विधायक राधेश्याम बैरवा ने कहा कि प्रदेश सरकार की हर घर नल, हर घर जल योजना आज धरातल पर साकार हो रही है। सरकार गांव-गांव में पेयजल योजनाओं को प्राथमिकता के साथ लागू कर रही है। उन्होंने बताया कि हाल ही में विधानसभा क्षेत्र के अटरू तहसील के कई गांवों में नई पेयजल टंकियां स्वीकृत कराई गई हैं, जिससे ग्रामीणों को स्वच्छ एवं पर्याप्त पानी उपलब्ध हो सके।
विधायक बैरवा ने कहा कि परवन सिंचाई परियोजना का कार्य भाजपा सरकार में तेज़ी से आगे बढ़ रहा है। इस परियोजना के पूर्ण होने से क्षेत्र में खुशहाली आएगी, खेतों में हरियाली बढ़ेगी और अन्नदाता  समृद्ध होंगे।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र में पूर्व में सड़कों की स्थिति अत्यंत दयनीय थी, लेकिन निरंतर प्रयासों के चलते अब चारों ओर सड़क निर्माण कार्य चल रहे हैं। साथ ही बिजली, शिक्षा एवं चिकित्सा तंत्र को भी सशक्त किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि वे आमजन के सुख-दुख में सदैव सहभागी बनने का प्रयास करते रहेंगे।

भाजपा मंडल अध्यक्ष योगेश गोतम ने बताया कि देवधाम पर वर्षों से पेयजल टंकी की मांग चली आ रही थी। टंकी नहीं होने के कारण श्रद्धालुओं एवं स्थानीय लोगों को पानी के लिए भारी परेशानी उठानी पड़ती थी। विधायक राधेश्याम बैरवा के प्रयासों से मात्र छह माह पूर्व 56 लाख रुपये की लागत से 50 हजार लीटर क्षमता की पेयजल टंकी स्वीकृत हुई, जिसे शनिवार को जनता को समर्पित किया गया।
इस अवसर पर गुर्जर समाज जिला अध्यक्ष राम कल्याण गुर्जर, मंडल अध्यक्ष वीरेंद्र प्रताप सिंह, कुलदीप गुर्जर, प्रदीप नागर, मानसिंह गुर्जर, प्रकाश नागर, पुष्प दयाल नागर, प्रशासक नरेंद्र मीणा, लक्ष्मीनारायण नागर, लीलाधर मेहता, भेरूलाल, बाबूलाल बैरवा, मानसिंह गुर्जर, जितेंद्र मीणा, दिनेश गुर्जर सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

Exit mobile version