The Chanakya TV Rajasthan

टोंक// करेडा मामला: हरीश चन्द्र मीना ने पीएम मोदी और अमित शाह को लिखा पत्र, जौनापुरिया पर कार्रवाई की मांग

टोंक// सवाई माधोपुर लोकसभा सांसद हरीश चन्द्र मीना ने निवाई क्षेत्र के ग्राम करेडा बुजुर्ग में घटित दुर्भाग्यपूर्ण घटना पर गहरी चिंता और कड़ा आक्रोश व्यक्त किया है, जिसमें मीडिया रिपोर्ट्स एवं वायरल वीडियो के अनुसार पूर्व सांसद सुखबीर सिंह जौनापुरिया द्वारा कंबल वितरण जैसे सेवा कार्यक्रम को भी साम्प्रदायिक भेदभाव का माध्यम बनाते हुए मुस्लिम महिलाओं से उनका धर्म पूछकर कंबल वापस ले लिया गया तथा राजनीतिक टिप्पणी की गई।
सांसद मीना ने इस कृत्य को न केवल अमानवीय और असंवेदनशील बताया, बल्कि संविधान की मूल भावना और लोकतांत्रिक मर्यादाओं पर सीधा आघात करार दिया है।
सांसद मीना ने इस संबंध में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर पूरे मामले की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कराने तथा पूर्व सांसद के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि देश में स्पष्ट संदेश जाए कि धर्म, जाति या राजनीतिक विचारधारा के आधार पर किसी भी नागरिक के साथ भेदभाव करने वालों के लिए कोई स्थान नहीं है।

सांसद ने पत्र में लिखा है कि यदि सार्वजनिक जीवन से जुड़े प्रभावशाली लोग समाज को धर्म और विचारधारा के आधार पर बांटने का प्रयास करेंगे और उनके खिलाफ कार्रवाई नहीं होगी, तो इससे सामाजिक सौहार्द, आपसी विश्वास और देश की एकता पर गंभीर प्रभाव पड़ेगा। एक जनप्रतिनिधि रह चुके व्यक्ति द्वारा इस प्रकार का व्यवहार लोकतांत्रिक मूल्यों के लिए अत्यंत चिंताजनक है।
सांसद मीना ने कहा कि भारत की पहचान विविधता में एकता और सामाजिक सद्भाव से है, और इसे कमजोर करने वाली किसी भी मानसिकता के विरुद्ध सख्त कदम उठाना आवश्यक है। पूर्व सांसद के इस व्यवहार से प्रधानमंत्री की प्रतिष्ठा धूमिल हुई है और देश की छवि भी प्रभावित हुई है। उन्होंने प्रधानमंत्री,केंद्रीय गृह मंत्री से इस मामले में त्वरित हस्तक्षेप कर न्यायोचित कार्रवाई सुनिश्चित करने की अपील की है।

Exit mobile version