कवाई// भारतीय जनता पार्टी नगर इकाई की ओर से सोमवार को शिव शांति आश्रम परिसर में बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में संगठन की मजबूती, बूथ स्तर पर सक्रियता और आगामी पंचायत चुनावों की तैयारियों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। भाजपा मण्डल अध्यक्ष विरेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि “यदि बूथ मजबूत होगा तो पार्टी स्वतः ही मजबूत होगी।” उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे प्रत्येक बूथ पर संगठन को सक्रिय एवं संगठित रखें। उन्होंने कहा कि भाजपा एक ऐसी पार्टी है जिसकी रीति-नीति स्पष्ट और पारदर्शी रही है। पार्टी जो संकल्प लेती है, उसे पूरा करके दिखाती है। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि आज सरकारें जमीनी स्तर पर कार्य कर रही हैं। क्षेत्र में विकास कार्यों के साथ-साथ सामाजिक एवं आर्थिक संरचना भी सुदृढ़ हो रही है। आमजन को योजनाओं का सीधा लाभ मिल रहा है, जिससे समाज के हर वर्ग में विश्वास बढ़ा है।
कवाई// आगामी पंचायत चुनावों के संदर्भ में उन्होंने स्पष्ट कहा कि पार्टी समर्पित और जिम्मेदारी से कार्य करने वाले कार्यकर्ताओं को ही प्राथमिकता देगी। जो कार्यकर्ता संगठन के प्रति निष्ठा और सक्रियता दिखाएगा, उसे ही टिकट दिया जाएगा। कार्यशाला के दौरान बूथवार संगठन की स्थिति की समीक्षा की गई तथा आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।कार्यक्रम के अंत में संगठन को और अधिक सक्रिय एवं सशक्त बनाने का संकल्प लिया गया।
बैठक में श्याम बिहारी मेहता, राधेश्याम सिरोहिया, प्रदीप नागर,आशीष शर्मा, सुदर्शन शर्मा, सुरेश जैन, प्रेमराज मीणा, मनोज शर्मा, नीरज चौरसिया, राकेश मेहता, अमित भाटी, रामकुंवर बैरवा, गिरिराज सेन सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।