टोंक। राष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर नालसा एवं रालसा के तत्वावधान में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण टोंक द्वारा उच्च माध्यमिक सरस्वती विद्या मंदिर निवाई में विधिक जागरूकता शिविर, जागरूकता रैली एवं पोस्टर का विमोचन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बालिकाओं के अधिकारों, गरिमा एवं समग्र विकास के संबंध में समुदाय स्तर पर विधिक जागरूकता बढ़ाना तथा लिंग चयन, कन्या भ्रूण हत्या, बाल विवाह, शिक्षा में बाधा, स्वास्थ्य जोखिम, कुपोषण एवं कम उम्र में गर्भधारण जैसी चुनौतियों के प्रति समाज को संवेदनशील बनाना रहा।

कार्यक्रम में पोस्टर के माध्यम से ‘‘माँ चाहिए, बहन चाहिए, पत्नी चाहिए, फिर बेटी क्यों नहीं?’’ जैसे प्रभावी संदेशों द्वारा बेटियों के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करने की अपील की गई तथा ‘‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’’ का संदेश दिया गया। इसके पश्चात जागरूकता रैली आयोजित की गई, जिसमें विद्यार्थियों एवं उपस्थित जनसमुदाय द्वारा संदेश दिया गया कि बेटियों को सम्मान, शिक्षा, सुरक्षा एवं समान अवसर प्रदान करना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। रैली के माध्यम से कन्या भ्रूण हत्या एवं बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीतियों के विरुद्ध जागरूकता फैलाने का आह्वान किया गया।

शिविर को संबोधित करते हुए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण टोंक के सचिव एवं अपर जिला एवं सोशन न्यायाधीश दिनेश कुमार जलुथरिया ने बताया कि कन्या भ्रूण हत्या एवं लिंग चयन एक गंभीर अपराध है, जिससे लिंगानुपात असंतुलन उत्पन्न होता है। उन्होंने गर्भधारण से पूर्व एवं गर्भावस्था के दौरान लिंग परीक्षण एवं लिंग चयन निषेध कानून, 1994 के प्रावधानों की जानकारी देते हुए कहा कि कन्या भ्रूण के लिंग की जांच कराना अथवा करवाना कानूनन अपराध है तथा उल्लंघन की स्थिति में कठोर दंडात्मक कार्रवाई का प्रावधान है। उन्होंने बाल विवाह को बालिकाओं के अधिकारों के विरुद्ध बताते हुए कहा कि बाल विवाह से बालिकाओं का शैक्षणिक विकास बाधित होता है तथा उनके स्वास्थ्य एवं भविष्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। उन्होंने बाल विवाह प्रतिषेध कानून, 2006 के अंतर्गत बाल विवाह रोकथाम हेतु समाज को सतर्क रहने एवं समय पर नालसा हेल्पलाइन 15100 एवं चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 पर सूचना देने की अपील की। साथ ही टोंक जिला मुख्यालय बस स्टैंड पर आमजन को जागरूक किया गया।।
कार्यक्रम में अधिवक्ता बुद्धराम चौधरी, अधिवक्ता पंकज कुमावत, पैरालीगल वालंटियर चंद्रकला शर्मा, व्यवस्थापक योगेंद्र सिंघल, गिरिराज गुर्जर, प्रधानाचार्य गोविंद शर्मा, प्रधानाचार्या सीमा माथुर, शिवराज पाराशर एवं अवधेश आदि मौजूद थे।