बारां// 28 फरवरी। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में मुख्यमंत्री रोजगार उत्सव के अजमेर में हुए आयोजन के साथ ही जिला मुख्यालय पर जिला स्तरीय रोजगार उत्सव का आयोजन शनिवार को जिला परिषद के प्रथम तल स्थित सभागार में किया गया। इस अवसर पर नवचयनित अभ्यर्थियों को कार्यक्रम में वेलकम किट तथा नियुक्ति पत्र वितरित किए गए।

राज्य स्तरीय कार्यक्रम का वर्चुअल माध्यम से सीधा प्रसारण जिला मुख्यालय स्थित जिला परिषद सभागार में किया गया। इस अवसर पर जिला कलक्टर रोहिताश्व सिंह तोमर ने 466 नवचयनित कार्मिकों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। इनमें चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के 219, पंचायती राज विभाग के 52, पशुपालन विभाग के 90, राजस्व विभाग के 86, माध्यमिक शिक्षा विभाग के चार, संस्कृत शिक्षा विभाग के आठ, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के दो, जल संसाधन विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, स्थानीय स्वशासन, खान एवं भूविज्ञान विभाग, सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार विभाग के एक-एक अभ्यर्थी शामिल हैं।
इस अवसर पर उप जिला प्रमुख छीतरलाल मेघवाल, जिला परिषद सीईओ राजवीर सिंह चौधरी, सीएमएचओ संजीव सक्सेना, जिला रोजगार अधिकारी राकेश वर्मा, मेडिकल कॉलेज प्राचार्य सीपी मीणा सहित जनप्रतिनिधि, अन्य अधिकारी एवं नव चयनित कार्मिक उपस्थित रहे।