BARAN // मोबाइल एकेडमी से आशा कार्यकर्ताओं की कार्यक्षमता में वृद्धि, किलकारी योजना से गर्भवती माताओं और नवजात शिशुओं को बेहतर स्वास्थ्य देखभाल

BARAN – डिजिटल इंडिया अभियान के अंतर्गत मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से दिनांक 23 दिसंबर 2025 को बारां ब्लॉक कार्यालय में किलकारी एवं मोबाइल एकेडमी कार्यक्रम पर एक कार्यशाला का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम भारत सरकार द्वारा संचालित एक महत्वपूर्ण स्वास्थ्य पहल है, जिसका उद्देश्य गर्भवती महिलाओं एवं नवजात शिशुओं के स्वास्थ्य में सुधार लाना तथा मातृ एवं शिशु मृत्यु दर को कम करना है।
किलकारी योजना के अंतर्गत पंजीकृत गर्भवती महिलाओं एवं एक वर्ष तक के शिशुओं के लिए मोबाइल कॉल के माध्यम से नियमित रूप से स्वास्थ्य संबंधी जानकारी प्रदान की जाती है। इन कॉल्स के जरिए एनीमिया से बचाव, संतुलित आहार एवं पोषण, परिवार नियोजन, समय पर टीकाकरण तथा गर्भावस्था एवं नवजात शिशु की देखभाल से जुड़ी जानकारियां दी जाती हैं।
किलकारी कॉल्स में गर्भवती महिलाओं को डॉ. अनीता की आवाज़ में संदेश सुनने को मिलते हैं, जिससे एएनसी जांच, टीकाकरण एवं खान-पान को लेकर जागरूकता बढ़ती है।
BARAN- कार्यशाला में सभी आशा सहयोगिनियों एवं एएनएम को निर्देशित किया गया कि एएनसी पंजीकरण के समय गर्भवती महिला का स्वयं का मोबाइल नंबर अनिवार्य रूप से पीसीटीएस सॉफ्टवेयर में दर्ज किया जाए तथा पंजीकरण के बाद गर्भवती महिलाओं को किलकारी कॉल ध्यान से सुनने के लिए प्रोत्साहित किया जाए।
यदि किसी कारणवश महिला कॉल नहीं उठा पाती है, तो वह 14423 नंबर डायल कर पुनः संदेश सुन सकती है।
किलकारी एक टोल-फ्री मोबाइल सेवा है, जिसके तहत गर्भावस्था से लेकर शिशु के एक वर्ष की आयु तक हर सप्ताह ऑडियो संदेश लाभार्थी या उसके परिवार के सदस्य को भेजे जाते हैं। यह सेवा गर्भावस्था और प्रसव के बाद के उस संवेदनशील समय को कवर करती है, जब मां और बच्चे को विशेष देखभाल की आवश्यकता होती है।
ग्राम स्तर पर स्वास्थ्य विभाग की सबसे मजबूत कड़ी के रूप में कार्य कर रही आशा सहयोगिनियां, किलकारी एवं मोबाइल एकेडमी के माध्यम से अपने ज्ञान और कार्यक्षमता में निरंतर वृद्धि कर रही हैं। इससे मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाएं और अधिक सशक्त हो रही हैं तथा समुदाय में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ रही है।
https://www.facebook.com/profile.php?id=61580815528140
BARAN// 259 यूनिट रक्तदान करके हर्षोल्लास से मनाया केसरी का जन्मदिन