Baran // ऑपरेशन सिंदूर में अदम्य शौर्य का सम्मान, ग्रुप कैप्टन अनिमेष पाटनी को मिला वीर चक्र
Baran – बारां जिले के अटरू उपखंड की ग्राम पंचायत कुंजेड़ के लाल अनिमेष पाटनी को सोमवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने देश के प्रतिष्ठित वीरता पुरस्कार वीर चक्र से सम्मानित किया। नई दिल्ली स्थित राष्ट्रपति भवन में आयोजित रक्षा अलंकरण समारोह में उन्हें यह सम्मान राष्ट्र की सुरक्षा के लिए प्रदर्शित असाधारण शौर्य, साहस और कर्तव्यनिष्ठा के लिए प्रदान किया गया। ग्रुप कैप्टन अनिमेष पाटनी ने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान दुश्मन के ठिकानों को ध्वस्त करने और राष्ट्रीय सुरक्षा की रक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। उनके साहसिक योगदान और वीरता को देखते हुए उन्हें वीर चक्र अलंकरण के लिए चयनित किया गया। ऑपरेशन सिंदूर भारतीय सशस्त्र बलों की एक महत्वपूर्ण कार्रवाई रही, जिसकी सफलता को देशभर में सराहा गया। कुंजेड़ ग्राम के निवासी अनिमेष पाटनी वर्तमान में भारतीय वायु सेना में ग्रुप कैप्टन के पद पर कार्यरत हैं। वे कुंजेड़ के सरपंच प्रशांत पाटनी के भतीजे हैं। जैसे ही उनके वीर चक्र से सम्मानित होने की खबर गांव और जिले में पहुंची, क्षेत्र में खुशी और गौरव का माहौल बन गया। ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों ने इसे पूरे बारां जिले के लिए गर्व का क्षण बताया।
Baran – ग्रामीणों ने बताया कि अनिमेष पाटनी जब भी अवकाश पर आते हैं तो अपने परिवार के साथ कुंजेड़ पहुंचकर गांव के लोगों से आत्मीयता से मिलते हैं। उनकी इस उपलब्धि ने क्षेत्र के युवाओं में देशसेवा और सेना में भर्ती होने का नया उत्साह पैदा किया है। राष्ट्रपति भवन में आयोजित रक्षा अलंकरण समारोह में वीरता पदकों से सम्मानित सैन्य अधिकारियों और जवानों को राष्ट्र ने नमन किया। इस अवसर पर देश के वरिष्ठ सैन्य अधिकारी, केंद्रीय मंत्री और अन्य गणमान्य व्यक्ति भी मौजूद रहे। बारां जिले के लिए यह ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण क्षण है, जब जिले की धरती के एक सपूत ने अपने साहस और पराक्रम से पूरे देश में क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
बारां से राजेश कुमार मंगल की रिपोर्ट
https://www.facebook.com/profile.php?id=61580815528140
सोजत सिटी// क्रान्तिकारी चंद्रशेखर आज़ाद को ‘राष्ट्र रत्न’ देने की मांग, सोजत में सौंपा ज्ञापन
टोंक// इलियास नकवी मेमोरियल टेनिस प्रतियोगिता पुरूस्कार वितरण के साथ सम्पन्न
