Baran // महिला सुरक्षा को लेकर बारां पुलिस का बड़ा अभियान, हर ब्लॉक में चलेगा जागरूकता मिशन

Baran – राजस्थान के बारां जिले से बड़ी खबर… महिलाओं की सुरक्षा और सशक्तिकरण को लेकर बारां पुलिस ने बड़ा अभियान शुरू किया है। राज्य स्तरीय ‘महिला सुरक्षा संकल्प कार्यक्रम’ के तहत अब जिले के हर ब्लॉक में छात्राओं और महिलाओं को कानून, हेल्पलाइन और सुरक्षा उपायों की जानकारी दी जाएगी। इसी को लेकर पुलिस अधिकारियों और विभिन्न विभागों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराधों पर प्रभावी रोक लगाने और उन्हें सुरक्षित माहौल देने के उद्देश्य से बारां पुलिस ने राज्य स्तरीय ‘महिला सुरक्षा संकल्प कार्यक्रम’ के तहत व्यापक कार्ययोजना तैयार की है। पुलिस मुख्यालय जयपुर के निर्देशानुसार चल रहे इस अभियान के तहत पुलिस कार्यालय बारां में विभिन्न विभागों के अधिकारियों की समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सौरभ तिवाड़ी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महिला अपराध अनुसंधान प्रकोष्ठ राकेश कुमार शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
Baran – अधिकारियों ने महिला सुरक्षा को लेकर आपसी समन्वय, त्वरित कार्रवाई और पीड़िताओं को तत्काल राहत उपलब्ध कराने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की। अभियान के तहत जिले की प्रत्येक पंचायत समिति स्तर पर सरकारी और निजी स्कूलों तथा कॉलेजों के छात्र-छात्राओं के साथ ऑनलाइन संवाद आयोजित किए जाएंगे। इनमें राजस्थान पुलिस की महिला सुरक्षा योजनाओं, हेल्पलाइन नंबरों, महिला अधिकारों, साइबर अपराधों से बचाव और कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी जाएगी, ताकि महिलाएं और बालिकाएं जागरूक होकर निडर वातावरण में जीवन जी सकें। बारां पुलिस का कहना है कि महिला सुरक्षा केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज और सभी विभागों की साझी जिम्मेदारी है। इसी सोच के साथ पूरे जिले में जागरूकता अभियान चलाकर महिलाओं तक सुरक्षा योजनाओं का लाभ पहुंचाया जाएगा और हर जरूरतमंद को समय पर पुलिस सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। बारां पुलिस का यह अभियान महिलाओं में सुरक्षा का भरोसा बढ़ाने और अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने की दिशा में एक अहम पहल माना जा रहा है। अब देखना होगा कि यह अभियान जमीनी स्तर पर महिलाओं और बालिकाओं के लिए कितना कारगर साबित होता है।
बारां से राजेश कुमार मंगल की रिपोर्ट
https://www.facebook.com/profile.php?id=61580815528140
सोजत सिटी// क्रान्तिकारी चंद्रशेखर आज़ाद को ‘राष्ट्र रत्न’ देने की मांग, सोजत में सौंपा ज्ञापन
टोंक// इलियास नकवी मेमोरियल टेनिस प्रतियोगिता पुरूस्कार वितरण के साथ सम्पन्न