The Chanakya TV Rajasthan

Baran // किसानों को करोड़ों के सपने दिखाकर लाखों की ठगी, अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़

Baran // बारां पुलिस का बड़ा खुलासा, किसानों से ₹12.50 लाख की ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का सदस्य गिरफ्तार

Baran
Baran

Baran – बारां पुलिस ने किसानों से कृषि व्यापार के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। फर्जी कंपनी बनाकर किसानों को पॉलीहाउस, फलों के बगीचे और जैविक खाद की एजेंसी दिलाने का झांसा देकर लाखों रुपये ऐंठने वाले गिरोह के एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस का दावा है कि गिरोह कई राज्यों में सक्रिय था और अब उसके अन्य सदस्यों की तलाश तेज कर दी गई है। आखिर कैसे किसानों को बनाया गया ठगी का शिकार… राजस्थान के बारां जिले की छबड़ा थाना पुलिस ने करीब तीन साल पुराने चर्चित ठगी मामले का खुलासा करते हुए अंतरराज्यीय गिरोह के एक सदस्य को गिरफ्तार किया है। मामला 11 अक्टूबर 2023 का है, जब चार किसानों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी कि कुछ लोगों ने खुद को कृषि व्यवसाय से जुड़ी कंपनी का प्रतिनिधि बताकर उनसे संपर्क किया। आरोपियों ने किसानों को भरोसा दिलाया कि वे उनके खेतों में फलों का बगीचा विकसित करेंगे, पॉलीहाउस लगवाएंगे और जैविक खाद की एजेंसी दिलाएंगे, जिससे किसानों को अच्छा मुनाफा होगा। किसानों ने उनकी बातों पर विश्वास कर नकद और चेक के माध्यम से करीब 12 लाख 50 हजार रुपये दे दिए। लेकिन रकम मिलने के बाद आरोपी फरार हो गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अभिषेक अंदासु के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सौरभ तिवाड़ी, वृत्ताधिकारी और छबड़ा थाना प्रभारी राजेश खटाना के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।

Baran – जांच शुरू हुई तो पुलिस के सामने चौंकाने वाले तथ्य आए। जिन नामों, पतों और मोबाइल नंबरों का इस्तेमाल कर किसानों से संपर्क किया गया था, वे सभी फर्जी निकले। इसके बाद पुलिस ने तकनीकी अनुसंधान, मोबाइल डाटा और मुखबिर तंत्र की मदद से गिरोह तक पहुंचने की कोशिश शुरू की। लगातार की गई जांच और सूचना संकलन के बाद पुलिस ने उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले के रहने वाले रघुनाथ गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया, जो वर्तमान में पंजाब के लुधियाना में रह रहा था। पुलिस का कहना है कि आरोपी संगठित गिरोह का सदस्य है और किसानों को झूठे सपने दिखाकर ठगी करने में शामिल था। पूछताछ में गिरोह से जुड़े अन्य लोगों के बारे में भी महत्वपूर्ण जानकारियां मिली हैं, जिनके आधार पर आगे कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का मानना है कि यह गिरोह अलग-अलग राज्यों में फर्जी कंपनियां और फर्जी पहचान बनाकर किसानों को अपना निशाना बनाता था। पहले बड़े मुनाफे का लालच दिया जाता, फिर कृषि परियोजनाओं और एजेंसी के नाम पर रकम वसूली जाती और उसके बाद आरोपी मोबाइल बंद कर फरार हो जाते थे। फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क को खंगाल रही है और अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
“छबड़ा पुलिस की यह कार्रवाई उन किसानों के लिए राहत भरी खबर है जो इस गिरोह की ठगी का शिकार बने थे। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर गिरोह के बाकी सदस्यों और देश के अन्य राज्यों में हुई ऐसी वारदातों की जानकारी जुटा रही है। उम्मीद है कि जल्द ही इस अंतरराज्यीय ठग गिरोह के पूरे नेटवर्क का खुलासा होगा बारां पुलिस की इस कार्रवाई को बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस ने किसानों से अपील की है कि किसी भी कृषि कंपनी, निवेश योजना या एजेंसी के नाम पर पैसा देने से पहले उसकी पूरी जांच-पड़ताल करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

बारां से राजेश कुमार मंगल की रिपोर्ट

https://x.com/tv_chanaky5736

https://www.facebook.com/profile.php?id=61580815528140

सोजत सिटी// क्रान्तिकारी चंद्रशेखर आज़ाद को ‘राष्ट्र रत्न’ देने की मांग, सोजत में सौंपा ज्ञापन

टोंक// इलियास नकवी मेमोरियल टेनिस प्रतियोगिता पुरूस्कार वितरण के साथ सम्पन्न

Exit mobile version