Beawar // ब्यावर में 68 दिन चली शीतल जल सेवा, 40 लाख से अधिक गिलास पानी का हुआ वितरण
Beawar – भीषण गर्मी के दौरान आमजन को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से ब्यावर जिला व्यापार संघ, नगर परिषद एवं सामाजिक संस्थाओं के सहयोग से संचालित सात शीतल जल वाटिकाओं का मंगलवार को भावपूर्ण समापन किया गया। समापन समारोह व्यापार संघ के अध्यक्ष संजय घीया के सानिध्य में आयोजित हुआ, जिसमें सेवा कार्य से जुड़े स्वयंसेवकों, दानदाताओं एवं सहयोगी संस्थाओं का सम्मान किया गया। अध्यक्ष संजय घीया ने बताया कि इस वर्ष शहर में कुल सात शीतल जल वाटिकाएं संचालित की गईं, जिनमें चार वाटिकाएं ब्यावर जिला व्यापार संघ, दो नगर परिषद एवं व्यापार संघ के संयुक्त तत्वावधान में तथा एक खंडेलवाल समाज द्वारा संचालित की गई। इन वाटिकाओं ने लगातार 68 दिनों तक आमजन की सेवा करते हुए 29,250 पानी की केन तथा 40 लाख से अधिक गिलास शीतल जल का वितरण किया। उन्होंने बताया कि केवल शीतल जल ही नहीं, बल्कि भीषण गर्मी से राहत देने के लिए विभिन्न दिनों में तरबूज, गन्ना रस, मालपुआ, कैरी पानी, नींबू पानी, शरबत, लस्सी, आमरस और ठंडाई जैसे शीतल पदार्थ भी वितरित किए गए। इस सेवा अभियान को शहरवासियों का भरपूर सहयोग मिला।
Beawar – समारोह में बताया गया कि इस जनसेवा अभियान में शहर की 58 सामाजिक, धार्मिक एवं व्यापारिक संस्थाओं ने सक्रिय भागीदारी निभाई। अग्रवाल समाज एवं श्रीमद् भागवत प्रभात फेरी परिवार सहित अनेक संगठनों ने समय-समय पर वाटिकाओं पर सेवा कार्य एवं विभिन्न कार्यक्रम आयोजित कर अभियान को सफल बनाया। इस अवसर पर अध्यक्ष संजय घीया ने कहा कि “सेवा परमो धर्म:” की भावना से प्रेरित होकर व्यापार संघ प्रत्येक वर्ष यह सेवा कार्य करता है। उन्होंने सभी सहयोगी संस्थाओं, दानदाताओं, स्वयंसेवकों एवं शहरवासियों का आभार व्यक्त करते हुए अगले वर्ष इस सेवा अभियान को और अधिक व्यापक स्तर पर संचालित करने का संकल्प दोहराया। समापन समारोह में उपाध्यक्ष नवल सोमानी एवं दिनेश सावलानी, महासचिव विजय लौंगानी, सचिव विनोद फुलवारी, मीडिया प्रभारी गौरव सक्सेना, अनुशासन सचिव शंकरलाल प्रजापत, किशोर साहू, इंद्रजीत सिंह, कोषाध्यक्ष शैलेंद्र कुमावत, इनायत मंसूरी, भगवान डेटानी, गोविंद राम, मोहन सिंह रावत, ब्रजकिशोर साहू, प्रेम पंडित, सुनील भोजवानी, अशोक गोयल, सतनाम सिंह, हरि गोपाल शर्मा सहित व्यापार संघ के पदाधिकारी, सदस्य एवं बड़ी संख्या में शहरवासी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी सहयोगियों का सम्मान कर प्रसाद वितरण किया गया।
ब्यावर से शम्भू दयाल व्यास की रिपोर्ट
https://www.facebook.com/profile.php?id=61580815528140
सोजत सिटी// क्रान्तिकारी चंद्रशेखर आज़ाद को ‘राष्ट्र रत्न’ देने की मांग, सोजत में सौंपा ज्ञापन
टोंक// इलियास नकवी मेमोरियल टेनिस प्रतियोगिता पुरूस्कार वितरण के साथ सम्पन्न
