Beawar // ब्यावर में खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, 57 हजार एनर्जी ड्रिंक की बिक्री पर रोक
Beawar – चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग, राजस्थान सरकार की महत्वाकांक्षी योजना “शुद्ध आहार मिलावट पर वार” के तहत ब्यावर जिले में खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा सघन अभियान जारी है। आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण जयपुर के निर्देश, जिला कलक्टर कमल राम मीणा तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय गहलोत के मार्गदर्शन में मंगलवार को खाद्य सुरक्षा दल ने एम.एम. फूड एंड बेवरेज का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठान में साफ-सफाई एवं खाद्य पदार्थों के नियमानुसार भंडारण में अनियमितताएं पाई गईं। टीम ने जांच के लिए एनर्जी ड्रिंक के सैंपल लिए तथा एफएसएसएआई नियमों के विपरीत भ्रामक लेबलिंग पाए जाने पर लगभग 57 हजार एनर्जी ड्रिंक की बिक्री पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी। विभाग ने भविष्य में इस प्रकार की अनियमितताओं की पुनरावृत्ति नहीं होने के सख्त निर्देश भी दिए। खाद्य सुरक्षा दल द्वारा लिए गए नमूनों को जांच के लिए अजमेर स्थित प्रयोगशाला भेज दिया गया है।
Beawar – रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद संबंधित प्रावधानों के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय गहलोत ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि एनर्जी ड्रिंक में कैफीन की मात्रा अधिक होती है, जो विशेष रूप से गर्भवती महिलाओं, स्तनपान कराने वाली माताओं एवं छोटे बच्चों के स्वास्थ्य के लिए हानिकारक हो सकती है। उन्होंने नागरिकों से ऐसे उत्पादों का सेवन सावधानीपूर्वक करने का आग्रह किया। खाद्य सुरक्षा अधिकारी नारायण सिंह ने कहा कि उपभोक्ता खाद्य सामग्री खरीदते समय पैकिंग की तिथि, निर्माता का विवरण, लेबलिंग तथा गुणवत्ता संबंधी जानकारी अवश्य जांचें और केवल मानक अनुरूप उत्पाद ही खरीदें। उन्होंने विभाग द्वारा समय-समय पर जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की भी अपील की।
ब्यावर से शम्भू दयाल व्यास की रिपोर्ट
https://www.facebook.com/profile.php?id=61580815528140
सोजत सिटी// क्रान्तिकारी चंद्रशेखर आज़ाद को ‘राष्ट्र रत्न’ देने की मांग, सोजत में सौंपा ज्ञापन
टोंक// इलियास नकवी मेमोरियल टेनिस प्रतियोगिता पुरूस्कार वितरण के साथ सम्पन्न
