Jaipur // सचिन पायलट का केंद्र-राज्य सरकार पर बड़ा हमला, बोले- महंगाई और पेपर लीक से जनता त्रस्त

Jaipur – कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सचिन पायलट ने केंद्र और राजस्थान सरकार पर महंगाई, NEET पेपर लीक, बेरोजगारी, विदेश नीति और निकाय चुनावों को लेकर तीखा हमला बोला। मीडिया से बातचीत में पायलट ने कहा कि चुनाव परिणाम आने के बाद लगातार पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ाए जा रहे हैं और इसका सीधा असर आम जनता की जेब पर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि यदि सरकार को कीमतें बढ़ानी ही थीं तो चुनाव से पहले जनता को सच्चाई बतानी चाहिए थी। चुनाव के दौरान बड़े-बड़े भाषण दिए गए, लेकिन अब जनता पर महंगाई का बोझ डाला जा रहा है। उन्होंने कहा कि पेट्रोल-डीजल महंगा होने से खाने-पीने की वस्तुओं समेत हर चीज महंगी हो जाती है, लेकिन सरकार को आम आदमी की परेशानियों की कोई चिंता नहीं है। पायलट ने कहा कि सरकार का एकमात्र एजेंडा चुनाव जीतना और विपक्ष को प्रताड़ित करना बन गया है। उन्होंने NEET पेपर लीक मामले को लेकर केंद्र सरकार और NTA पर भी गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि लगातार तीसरे साल NEET परीक्षा में पेपर लीक की घटनाएं सामने आई हैं और हर बार सरकार केवल जांच CBI को सौंपकर अपनी जिम्मेदारी से बचने का प्रयास करती है। उन्होंने कहा कि 22 लाख छात्रों ने परीक्षा दी थी और कई छात्र मानसिक तनाव में आ चुके हैं। झुंझुनूं में एक दलित छात्र द्वारा आत्महत्या किए जाने का उल्लेख करते हुए पायलट ने कहा कि यह बेहद दुखद और चिंताजनक स्थिति है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार को युवाओं की चिंता नहीं है और शिक्षा माफियाओं के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही। पायलट ने कहा कि पेपर लीक कोई छात्र नहीं करते, बल्कि इसके पीछे संगठित शिक्षा माफिया काम कर रहा है, जो करोड़ों रुपए खर्च कर पेपर खरीदता है और फिर उसे फैलाता है। उन्होंने सवाल उठाया कि सरकार ने अब तक कितने शिक्षा माफियाओं और संस्थाओं पर कार्रवाई की है। उन्होंने NTA पर निशाना साधते हुए कहा कि यह संस्था अब “नेशनल ट्रॉमा एजेंसी” बन चुकी है, लेकिन अब तक किसी की जवाबदेही तय नहीं की गई। उन्होंने कहा कि शिक्षा, बेरोजगारी, महंगाई और ऊर्जा नीति हर मोर्चे पर सरकार विफल साबित हुई है।
Jaipur – प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विदेश यात्राओं और बचत संबंधी बयानों पर भी पायलट ने तंज कसा। उन्होंने कहा कि एक ओर प्रधानमंत्री विदेश यात्राएं कर रहे हैं, दूसरी ओर जनता को तेल, खाने के तेल और सोने में बचत करने की सलाह दी जा रही है। विदेश नीति पर बोलते हुए पायलट ने कहा कि भारत की नीति हमेशा संतुलित और स्वाभिमानी रही है, लेकिन अब देश को ऊर्जा नीति और व्यापारिक मामलों में बाहरी दबाव झेलना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि भारत को रूस, ईरान या वेनेजुएला जैसे देशों से तेल खरीदने का फैसला खुद करना चाहिए और किसी अन्य देश के दबाव में नहीं आना चाहिए। निकाय और पंचायत चुनावों को लेकर तीखा हमला निकाय और पंचायत चुनावों को लेकर भी पायलट ने राजस्थान सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि अदालत कई बार सरकार को चुनाव कराने के निर्देश दे चुकी है, लेकिन सरकार लगातार बहाने बना रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार चुनाव से डर रही है क्योंकि उसे हार का डर सताने लगा है। पायलट ने कहा कि निकाय चुनाव नहीं होने के कारण राजस्थान को केंद्र से मिलने वाले हजारों करोड़ रुपए के फंड का नुकसान उठाना पड़ रहा है। उन्होंने दावा किया कि यदि चुनाव हुए तो कांग्रेस बड़ी जीत दर्ज करेगी, इसी वजह से सरकार चुनाव टाल रही है।
जयपुर से हर्षवर्धन राणा की रिपोर्ट
https://www.facebook.com/profile.php?id=61580815528140
सोजत सिटी// क्रान्तिकारी चंद्रशेखर आज़ाद को ‘राष्ट्र रत्न’ देने की मांग, सोजत में सौंपा ज्ञापन
टोंक// इलियास नकवी मेमोरियल टेनिस प्रतियोगिता पुरूस्कार वितरण के साथ सम्पन्न