नई दिल्ली: ऑपरेशन सिंदूर के बाद पहली बार पाकिस्तान का कोई संघीय मंत्री भारत पहुंचा है, पाकिस्तान के जलवायु परिवर्तन और पर्यावरण समन्वय मंत्री डॉ. मुसादिक मसूद मलिक शुक्रवार को दिल्ली में आयोजित होने वाले शंघाई सहयोग संगठन (SCO) सिविलाइजेशनल डायलॉग फोरम में हिस्सा लेंगे, वे पाकिस्तानी प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करेंगे
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार शाम करीब 5:30 बजे दिल्ली के ऐतिहासिक पुराना किला में इस फोरम का उद्घाटन करेंगे, इसके बाद वे कार्यक्रम को संबोधित भी करेंगे, तीन दिवसीय यह आयोजन 20 से 22 नवंबर तक चलेगा, इसका आयोजन केंद्रीय संस्कृति मंत्रालय और विदेश मंत्रालय संयुक्त रूप से कर रहे हैं
भारत ने इस फोरम में शामिल होने के लिए 25 देशों को आमंत्रित किया था, जिनमें से 15 देशों ने अपनी भागीदारी की पुष्टि की है, इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य सदस्य देशों की साझा सभ्यता और सांस्कृतिक विरासत को सामने लाना तथा उनके बीच संवाद और आपसी समझ को बढ़ावा देना है
पाकिस्तान ने संस्कृति मंत्री की जगह जलवायु मंत्री को भेजा
भारत की ओर से पाकिस्तान के राष्ट्रीय विरासत और संस्कृति मंत्री औरंगजेब खान खिची को निमंत्रण दिया गया था, हालांकि, पाकिस्तान ने उनकी जगह जलवायु परिवर्तन और पर्यावरण समन्वय मंत्री डॉ. मुसादिक मसूद मलिक को अपने प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करने के लिए नामित किया है
पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय के अनुसार, उसका प्रतिनिधिमंडल फोरम में आयोजित विभिन्न विषयों पर चर्चाओं में भाग लेगा, इसके साथ ही SCO के अन्य सदस्य देशों के प्रतिनिधियों के साथ द्विपक्षीय बातचीत भी करेगा
मई 2023 में तत्कालीन पाकिस्तानी विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो जरदारी के गोवा दौरे के बाद किसी पाकिस्तानी संघीय मंत्री की यह पहली भारत यात्रा है, बिलावल भुट्टो SCO के विदेश मंत्रियों की बैठक में शामिल होने भारत आए थे
चीन और ईरान समेत 25 देशों को भेजा गया निमंत्रण
केंद्रीय संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने 13 नवंबर को बताया था कि भारत ने इस फोरम के लिए 25 देशों को आमंत्रित किया है, इनमें चीन, कजाकिस्तान, ईरान, किर्गिज रिपब्लिक, ताजिकिस्तान, उज्बेकिस्तान, बेलारूस, अजरबैजान, आर्मेनिया, बहरीन, नेपाल, सऊदी अरब, कंबोडिया, तुर्किये और श्रीलंका सहित अन्य देश शामिल हैं
पाकिस्तान की भागीदारी को लेकर शेखावत ने उम्मीद जताई थी कि पाकिस्तान भी इस आयोजन में शामिल होगा, उन्होंने कहा था कि भारत और पाकिस्तान की संस्कृति एवं सभ्यता का विकास साथ-साथ हुआ है, वर्ष 1947 में विभाजन के बाद दोनों देश अलग जरूर हुए, लेकिन उनकी साझा सांस्कृतिक विरासत की जड़ें एक-दूसरे से जुड़ी हुई हैं
शेखावत के मुताबिक, भारत चाहता है कि SCO का दायरा केवल राजनीति और अर्थव्यवस्था तक सीमित न रहे, बल्कि साझा सभ्यता और मानवीय मूल्यों पर चर्चा का मंच भी बने, इससे सदस्य देशों के बीच बेहतर संबंध और आपसी समझ विकसित हो सकती है
पुराना किला में दिखाई जाएगी 3,200 साल पुरानी सभ्यता की झलक
फोरम के दौरान पुराना किला में ‘अस्तित्व- द एसेंस ऑफ आवर एग्जिस्टेंस’ नाम से एक विशेष प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी। इसमें 1200 ईसा पूर्व से 1200 ईस्वी तक दिल्ली के इतिहास को पुरातात्विक अवशेषों, कलाकृतियों और वास्तुशिल्प के माध्यम से प्रदर्शित किया जाएगा
भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) के संग्रहालय निदेशक वसंत स्वर्णकार के अनुसार, पुराना किला में करीब 3,000 साल तक लगातार आबादी रहने के प्रमाण मिले हैं, यहां हुई खुदाई में प्री-मौर्य, महाजनपद, मौर्य, शुंग, कुषाण, गुप्तोत्तर, राजपूत, सल्तनत और मुगल काल से जुड़े अवशेष मिले हैं
प्रदर्शनी में देखने को मिलेंगी ये ऐतिहासिक कलाकृतियां:
- मौर्यकाल: टेराकोटा की मूर्तियां और हाथ से बनाई गई आकृतियां
- राजपूत काल: पत्थर से निर्मित वैकुंठ विष्णु की प्रतिमा
- धार्मिक कलाकृतियां: गजलक्ष्मी की आकृति और गणेश की छोटी मूर्ति
- प्राचीन जीवनशैली: पेंटेड ग्रे वेयर संस्कृति के बर्तन, सिक्के, मनके और आभूषण
- अन्य पुरातात्विक अवशेष: इंद्रप्रस्थ का उल्लेख करने वाला शिलालेख और घोड़े की खोपड़ी
इसके अलावा ‘अनंत: ए रेयर 18th सेंचुरी महाभारत स्क्रॉल’ नाम से एक विशेष पवेलियन भी तैयार किया जाएगा। इसमें 18वीं सदी की चित्रों से सजी दुर्लभ महाभारत स्क्रॉल प्रदर्शित होगी
18 से 22 नवंबर तक आम लोगों के लिए बंद रहेगा पुराना किला
SCO फोरम और सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए पुराना किला 18 से 22 नवंबर तक आम पर्यटकों के लिए बंद रखा जाएगा, भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण के संरक्षण में आने वाले इस ऐतिहासिक स्थल को कार्यक्रम समाप्त होने के बाद आम लोगों के लिए फिर से खोल दिया जाएगा
SCO फोरम के लिए पुराना किला ही क्यों चुना गया?
दिल्ली का पुराना किला प्राचीन इंद्रप्रस्थ से जुड़ा माना जाता है। यहां हुई खुदाई में अलग-अलग ऐतिहासिक कालखंडों की सभ्यताओं के प्रमाण मिले हैं, केंद्रीय संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत के अनुसार, यह स्थान भारत की सांस्कृतिक और सभ्यतागत यात्रा की कई ऐतिहासिक परतों को दर्शाता है, इसी वजह से इसे फोरम के आयोजन के लिए चुना गया है
ASI के संग्रहालय निदेशक वसंत स्वर्णकार के मुताबिक, पुराना किला में हुई खुदाई से ऐसे व्यापारिक संबंधों के संकेत भी मिले हैं, जो प्राचीन भारत के उन क्षेत्रों से जुड़े हो सकते हैं, जो आज SCO के सदस्य देशों में शामिल हैं
यह भी देखें- BJP नेता राजेंद्र राठौड़ के बेटे पराक्रम की बड़ी जीत
1 Pingback