Rajasthan Panchayat Election Result 2026: राजस्थान के पंचायतीराज चुनाव के नतीजों ने प्रदेश की सियासत में नई हलचल पैदा कर दी है। कई इलाकों में चुनावी समीकरण बदलते नजर आ रहे हैं। कहीं कांग्रेस ने अपनी पकड़ मजबूत की है तो कहीं निर्दलीय प्रत्याशियों ने जीत दर्ज कर बड़े राजनीतिक दलों को चौंका दिया है। इसी बीच मंत्री झाबर सिंह खर्रा के प्रभाव वाले क्षेत्र में भाजपा का कमजोर प्रदर्शन चर्चा का विषय बन गया है। यहां पार्टी महज 3 सीटों पर सिमटती दिखाई दी, जबकि कांग्रेस ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए अपनी मौजूदगी दर्ज कराई।
जिला परिषद चुनाव में कांग्रेस-भाजपा के बीच कड़ा मुकाबला
प्रदेश की जिला परिषदों के शुरुआती रुझानों में कांग्रेस और भाजपा के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिल रही है। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार कांग्रेस 12 जिला परिषदों में आगे चल रही है, जबकि भाजपा 11 जिला परिषदों में बढ़त बनाए हुए है। वहीं डूंगरपुर में अन्य प्रत्याशियों ने मुकाबले को दिलचस्प बना दिया है।
दिग्गज नेताओं के परिवारों की प्रतिष्ठा दांव पर
चुनावी नतीजों के बीच कई बड़े राजनीतिक चेहरों से जुड़े परिवारों की स्थिति पर भी सबकी नजरें टिकी हुई हैं। चूरू में पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ के बेटे और बहू बढ़त बनाए हुए हैं। दूसरी तरफ अजमेर में पूर्व विधायक सुशील कंवर पलाड़ा पीछे चल रही हैं। अजमेर जिला परिषद के वार्ड नंबर 2 से कांग्रेस प्रत्याशी लक्ष्मी कंवर ने बढ़त बना रखी है।
भरतपुर में निर्दलीयों ने बदले चुनावी समीकरण
भरतपुर जिले में भी चुनाव परिणामों ने राजनीतिक दलों को चौंकाया है। यहां कई सीटों पर निर्दलीय प्रत्याशियों ने जीत हासिल की है। इसके अलावा जयपुर, अलवर, बाड़मेर और झालावाड़ से भी अलग-अलग वार्डों के नतीजे सामने आ रहे हैं।
इन जिलों में अभी बाकी है मतगणना
राजस्थान के चार जिला परिषद क्षेत्रों बारां, कोटा, करौली और श्रीगंगानगर के साथ 38 पंचायत समितियों की मतगणना 17 दिसंबर को निर्धारित है। इन क्षेत्रों के नतीजे सामने आने के बाद प्रदेश के पंचायतीराज चुनाव की पूरी तस्वीर साफ हो सकेगी।
1 Pingback