Rajsamand// राजसमंद में आज बसंत पंचमी के पावन पर्व पर नामदेव छीपा समाज की अटूट आस्था और एकता का एक भव्य नजारा देखने को मिला। श्री नामदेव छीपा समाज आम मेवाड़ चौखला संस्था क्षेत्र आकोला और श्री नामदेव (गहलोत) छीपा समाज समिति, कांकरोली के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस महोत्सव ने एक ‘महासंगम’ का रूप ले लिया। राजसमंद स्थित नामदेव मंदिर में बसंत पंचमी महोत्सव का आगाज बेहद भव्य तरीके से हुआ। उत्सव के मुख्य आकर्षण का केंद्र रही ठाकुर जी की ‘भव्य शोभायात्रा’, जो गाजे-बाजे और भक्ति के जयकारों की गूंज के साथ शहर के प्रमुख मार्गों से निकली।
Rajsamand// इस शोभायात्रा में परंपरा और उत्साह का अद्भुत मिश्रण दिखाई दिया। जहाँ महिलाएं सिर पर मंगल कलश धारण कर, लाल चुनरी ओढ़कर मंगल गीत गाते हुए चल रही थीं, वहीं पुरुष पारंपरिक सफेद कुर्ता-पाजामा और साफे में समाज की गौरवशाली संस्कृति को दर्शा रहे थे।

शोभायात्रा में बैंड-बाजे, ढोल और सजे-धजे घोड़े मुख्य आकर्षण का केंद्र रहे। इस पावन अवसर पर राजसमंद विधायक दीप्ति माहेश्वरी ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की और ठाकुर जी का आशीर्वाद लिया। चौखला कमेटी के अंतर्गत आने वाले कई गांवों के सैकड़ों समाजजनों ने इस कार्यक्रम में हिस्सा लिया।
भीड़ और उत्साह को देखकर ऐसा प्रतीत हो रहा था मानो पूरा छीपा समाज भक्ति के इस महाकुंभ में समा गया हो। आयोजन समिति ने बताया कि इस महोत्सव का उद्देश्य समाज में एकता को बढ़ावा देना और अपनी सांस्कृतिक विरासत को संजोना है।