Beawar // कुंती स्तुति, भीष्म स्तुति और कपिलोपाख्यान के प्रसंगों से भक्तिमय हुई श्रीमद्भागवत कथा

Beawar – श्री राधा माधव के तत्वावधान में 7 जून से 13 जून तक : शर्मा (बिंवाल) परिवार, प्रताप नगर, ब्यावर एवं श्री राधा सर्वेश्वर मित्र मंडल, महावीर भवन विनोद नगर ब्यावर में द्वितीय दिन आयोजित श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ में कथावाचक महंत संजय गोस्वामी ने श्रद्धालुओं को भागवत महापुराण के विभिन्न प्रसंगों का भावपूर्ण श्रवण कराया। कथा के दौरान महंत संजय गोस्वामी ने कुंती स्तुति का वर्णन करते हुए बताया कि माता कुंती ने भगवान श्रीकृष्ण की अनन्य भक्ति एवं शरणागति का आदर्श प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि विपत्तियां भी मनुष्य के जीवन में ईश्वर की कृपा का माध्यम बन सकती हैं, क्योंकि वे प्रभु के स्मरण का अवसर प्रदान करती हैं। इसके पश्चात भीष्म स्तुति का मार्मिक वर्णन किया गया, जिसमें पितामह भीष्म ने शरशैया पर लेटे हुए भगवान श्रीकृष्ण के दिव्य स्वरूप का स्मरण करते हुए उनकी महिमा का गुणगान किया। इस प्रसंग ने श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया। कथा में महाराज परीक्षित के जन्म का वर्णन करते हुए बताया गया कि भगवान श्रीकृष्ण ने अश्वत्थामा के ब्रह्मास्त्र से गर्भस्थ परीक्षित की रक्षा कर उन्हें जीवनदान दिया। वहीं शुकागमन प्रसंग में बताया गया कि जब महाराज परीक्षित को अपने जीवन के अंतिम सात दिनों का ज्ञान हुआ, तब परम ज्ञानी श्री शुकदेव जी महाराज उनके समक्ष पधारे और उन्हें श्रीमद्भागवत महापुराण का दिव्य ज्ञान प्रदान किया |

Beawar – महंत संजय गोस्वामी ने कपिलोपाख्यान का वर्णन करते हुए भगवान कपिलदेव द्वारा माता देवहूति को दिए गए आत्मज्ञान, भक्ति, वैराग्य एवं सांख्य दर्शन के उपदेशों को विस्तार से समझाया। उन्होंने कहा कि मनुष्य को अपने जीवन में भक्ति, सत्संग और सदाचार को अपनाकर आत्मकल्याण का मार्ग प्रशस्त करना चाहिए। कथा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे और श्रद्धापूर्वक कथा का श्रवण किया। कथा के अंत में आरती एवं प्रसाद वितरण किया गया। संपूर्ण वातावरण भक्तिमय बना रहा तथा श्रद्धालुओं ने भगवान के जयकारों के साथ धर्मलाभ प्राप्त किया महेंद्र कुमार शर्मा डॉक्टर एमएल शर्मा सुशील कुमार शर्मा सुरेंद्र कुमार शर्मा शशि कुमार शर्मा प्रवीण भारद्वाज।
ब्यावर से शम्भू दयाल व्यास की रिपोर्ट
https://www.facebook.com/profile.php?id=61580815528140
सोजत सिटी// क्रान्तिकारी चंद्रशेखर आज़ाद को ‘राष्ट्र रत्न’ देने की मांग, सोजत में सौंपा ज्ञापन
टोंक// इलियास नकवी मेमोरियल टेनिस प्रतियोगिता पुरूस्कार वितरण के साथ सम्पन्न