Tonk // टोंक में स्थायी लोक अदालत को लेकर जनजागरूकता अभियान शुरू, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने पोस्टर किया विमोचन

Tonk – राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नई दिल्ली एवं राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जयपुर के निर्देशानुसार स्थायी लोक अदालत की कार्यप्रणाली, अधिकारिता एवं उपयोगिता के प्रति आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से जिला विधिक सेवा प्राधिकरण टोंक द्वारा जनजागरूकता गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। जिसके तहत जिला विधिक सेवा प्राधिकरण टोंक की अध्यक्ष जिला जज डॉ. सीमा अग्रवाल तथा अपर जिला न्यायाधीश एवं सचिव दिनेश कुमार जलुथरिया ने स्थायी लोक अदालत संबंधी जन जागरूकता पोस्टर का विमोचन किया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण टोंक की अध्यक्ष डॉ. सीमा अग्रवाल ने कहा कि स्थायी लोक अदालत लोक उपयोगी सेवाओं से संबंधित विवादों के त्वरित, सरल एवं सुलभ निस्तारण का प्रभावी मंच है। यहां विवादों का समाधान पहले सुलह-समझौते के माध्यम से करने का प्रयास किया जाता है तथा आवश्यकता होने के बाद ही स्थायी लोक अदालत द्वारा विवाद का निर्णय भी किया जा सकता है। इससे आमजन को कम समय एवं कम खर्च में न्याय उपलब्ध होता है। सचिव दिनेश कुमार जलुथरिया ने कहा कि राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण एवं राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार स्थायी लोक अदालतों के संबंध में व्यापक जनजागरूकता अभियान संचालित किया जा रहा है।
Tonk – इसके तहत पोस्टर, पम्पलेट, विधिक जागरूकता शिविरों तथा अन्य प्रचार-प्रसार माध्यमों के जरिए आमजन को स्थायी लोक अदालत के लाभों एवं कार्यप्रणाली की जानकारी प्रदान की जा रही है। उन्होंने बताया कि विमोचित पोस्टर में स्थायी लोक अदालत की संरचना, शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया, सुलह एवं निस्तारण की व्यवस्था तथा विद्युत, जलापूर्ति, स्वास्थ्य, बैंकिंग एवं बीमा, परिवहन, नगर निकाय, एलपीजी एवं अन्य लोक उपयोगी सेवाओं से संबंधित विवादों के समाधान की विस्तृत जानकारी प्रदर्शित की गई है। पोस्टर के माध्यम से आमजन को स्थायी लोक अदालत के माध्यम से उपलब्ध वैकल्पिक विवाद निस्तारण तंत्र के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया गया है। जिस दौरान मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट मनोज फौजदार, अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट गजपाल सिंह, अतिरिक्त न्यायिक मजिस्ट्रेट श्रेया गोयल तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।
टोंक से अशोक शर्मा की रिपोर्ट
https://www.facebook.com/profile.php?id=61580815528140
सोजत सिटी// क्रान्तिकारी चंद्रशेखर आज़ाद को ‘राष्ट्र रत्न’ देने की मांग, सोजत में सौंपा ज्ञापन
टोंक// इलियास नकवी मेमोरियल टेनिस प्रतियोगिता पुरूस्कार वितरण के साथ सम्पन्न