Baran // बारां में वंदे गंगा जल संरक्षण अभियान का शुभारंभ, मनिहारा तालाब पर दिखा जनसैलाब

Baran – भीषण गर्मी और लगातार घटते जलस्तर के बीच बारां जिले में रविवार को “वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान” का भव्य शुभारंभ हुआ। जिला कलेक्टर बालमुकुंद असावा के नेतृत्व में मनिहारा तालाब पर आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम जनजागरण का केंद्र बन गया, जहां प्रशासन, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, विद्यार्थियों और आमजन ने एकजुट होकर जल संरक्षण का संकल्प लिया। सुबह अलसुबह 6 बजे प्रभात फेरी के साथ अभियान की शुरुआत हुई। हाथों में जल संरक्षण के संदेश लिखी तख्तियां और नारों के बीच निकली प्रभात फेरी ने पूरे शहर में पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इसके बाद मनिहारा तालाब पर कलश यात्रा, महाआरती, जल पूजन और जल संरक्षण संकल्प कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम में प्रभारी सचिव हरिओम मीणा, विधायक राधेश्याम बैरवा, विधायक ललित मीणा, भाजपा जिलाध्यक्ष नरेश सिंह सिकरवार सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे। जिला कलेक्टर बालमुकुंद असावा ने स्वयं श्रमदान कर तालाब परिसर की सफाई की और पौधरोपण कर लोगों को पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरित किया। जिला कलेक्टर बालमुकुंद असावा ने कहा कि जल संरक्षण केवल सरकारी अभियान नहीं बल्कि जनआंदोलन बनना चाहिए। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में पानी की चुनौती और गंभीर हो सकती है, इसलिए प्रत्येक नागरिक को अभी से जल बचाने की आदत अपनानी होगी।

Baran – उन्होंने आमजन से वर्षा जल संचयन को बढ़ावा देने, पानी की बर्बादी रोकने और पारंपरिक जल स्रोतों को सुरक्षित रखने की अपील की। मनिहारा तालाब परिसर में जिला वन विभाग के सहयोग से विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए। पीपल पूजन, पौधरोपण और श्रमदान कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया। स्कूली छात्र-छात्राओं और सामाजिक संगठनों ने भी अभियान में उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई। जिले की सभी नगर पालिकाओं और ग्राम पंचायतों में भी जल संरक्षण को लेकर रैलियां, शपथ ग्रहण कार्यक्रम, सफाई अभियान और जागरूकता गतिविधियां आयोजित की गईं। प्रशासन की ओर से लोगों को जल स्रोतों को स्वच्छ रखने और हर घर में जल संरक्षण की सोच विकसित करने का संदेश दिया गया। मनिहारा तालाब पर आयोजित कार्यक्रम ने यह संदेश दिया कि यदि प्रशासन और आमजन मिलकर प्रयास करें तो जल संकट जैसी बड़ी चुनौती से भी प्रभावी ढंग से निपटा जा सकता है। पूरे अभियान के दौरान “जल है तो कल है” का संदेश लोगों के बीच प्रमुख रूप से गूंजता रहा।
बारां से राजेश कुमार मंगल की रिपोर्ट
https://www.facebook.com/profile.php?id=61580815528140
सोजत सिटी// क्रान्तिकारी चंद्रशेखर आज़ाद को ‘राष्ट्र रत्न’ देने की मांग, सोजत में सौंपा ज्ञापन
टोंक// इलियास नकवी मेमोरियल टेनिस प्रतियोगिता पुरूस्कार वितरण के साथ सम्पन्न