The Chanakya TV Rajasthan

Beawar // आरजीएचएस योजना बंद होने पर पेंशनरों का प्रदर्शन, कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

Beawar // आरजीएचएस योजना बहाल करने की मांग को लेकर पेंशनरों का प्रदर्शन

Beawar
Beawar

Beawar – राजस्थान पेंशनर समाज जिला शाखा ब्यावर के नेतृत्व में बुधवार को आरजीएचएस योजना में इलाज बंद होने, दवाइयां नहीं मिलने तथा राज्य सरकार द्वारा योजना को इंश्योरेंस एवं पुनर्भरण मोड पर ले जाने के विरोध में जिला कलेक्टर के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा गया। प्रदेश पेंशनर समाज जयपुर के आह्वान पर आयोजित इस प्रदर्शन में ब्यावर सहित टॉडगढ़, बड़ाखेड़ा, जवाजा, मसूदा, विजयनगर, जैतारण एवं रायपुर उपशाखाओं से बड़ी संख्या में पेंशनर शामिल हुए। चिलचिलाती धूप के बावजूद पेंशनर सुबह 10 बजे सुभाष सर्किल पर एकत्रित हुए और वहां से नारेबाजी करते हुए भगत चौराहा, सिटी थाना, मुख्य डाकघर एवं कोर्ट परिसर होते हुए जिला कलेक्टर कार्यालय पहुंचे।कलेक्ट्रेट परिसर के बाहर प्रदर्शन के बाद उप जिला कलेक्टर ब्रह्मलाल जाट को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में मांग की गई कि पिछले एक माह से बंद पड़ी आरजीएचएस योजना को पूर्व की भांति शीघ्र शुरू किया जाए तथा पेंशनरों को कैशलेस उपचार एवं ब्रांडेड दवाइयों की सुविधा उपलब्ध कराई जाए। पेंशनरों ने सरकार द्वारा योजना को इंश्योरेंस एवं पुनर्भरण मोड पर ले जाने का विरोध जताते हुए कहा कि सेवा काल में उनके वेतन से आरएमपीआरएफ योजना के तहत राशि कट चुकी है, इसलिए अब अतिरिक्त इंश्योरेंस प्रीमियम देना उचित नहीं है। साथ ही कैल्शियम, विटामिन, प्रोटीन एवं आयरन जैसी आवश्यक दवाइयों को पुनः निशुल्क उपलब्ध कराने की मांग भी उठाई गई।

Beawar – ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि आरजीएचएस से जुड़े अस्पताल भर्ती से पहले विभिन्न जांचों एवं ऑपरेशन पैकेज के नाम पर मरीजों से अतिरिक्त राशि वसूल रहे हैं, जिससे पेंशनरों को आर्थिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पिछले एक माह से योजना बंद होने के कारण पेंशनरों द्वारा निजी खर्च पर करवाए गए उपचार के बिलों का भुगतान करने की मांग भी सरकार से की गई। प्रदर्शन का नेतृत्व जिला शाखा अध्यक्ष नारायण सिंह पंवार ने किया। इस दौरान डाउ सिंह चौहान, बसंत सिंह चौहान, किशन सिंह चौहान, प्रेम दयाल मुकुल, जगदीश चंद्र राजपुरोहित, देवीलाल रिणवा, लक्ष्मीचंद सुथार, सत्यनारायण सांखला, गुलाम सरवर, हेमंत दीक्षित, कूंपाराम जोधावत, भंवरलाल पलासिया, सोहनलाल तंवर, महेंद्र कुमार चौहान, कन्हैयालाल बागड़ी, अटल बिहारी दाधीच, सुनील कुमार व्यास, सुरेंद्र लाल माथुर, छगाराम सिंगारिया, ओमप्रकाश अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में पेंशनर मौजूद रहे। आयोजन में करीब 150 पेंशनरों की भागीदारी रही।

ब्यावर से शम्भू दयाल व्यास की रिपोर्ट

https://x.com/tv_chanaky5736

https://www.facebook.com/profile.php?id=61580815528140

सोजत सिटी// क्रान्तिकारी चंद्रशेखर आज़ाद को ‘राष्ट्र रत्न’ देने की मांग, सोजत में सौंपा ज्ञापन

टोंक// इलियास नकवी मेमोरियल टेनिस प्रतियोगिता पुरूस्कार वितरण के साथ सम्पन्न

राजस्थान// रामाश्रय वार्ड बना बुजुर्गों का सहारा, 1153 वरिष्ठ नागरिकों को मिला उपचार व देखभाल का लाभ

Exit mobile version