Beawar // नौतपा की शुरुआत पर आर्य समाज ने शुरू की शीतल जल एवं नींबू पानी सेवा

Beawar – भीषण गर्मी एवं नौतपा की शुरुआत के बीच आर्य समाज जिला ब्यावर द्वारा संचालित निःशुल्क जल सेवा मंदिर में सोमवार को राहगीरों एवं आमजन को राहत पहुंचाने हेतु शीतल जल एवं नींबू पानी सेवा का आयोजन किया गया। श्रद्धानंद बाजार स्थित निःशुल्क जल सेवा मंदिर में आयोजित इस सेवा कार्य में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर पुण्य लाभ अर्जित किया। आर्य समाज के मंत्री राजेंद्र काबरा ने बताया कि सूर्यदेव के रोहिणी नक्षत्र में प्रवेश के साथ नौतपा की शुरुआत के प्रथम दिन एवं श्रीमती तारादेवी धूत के जन्मदिवस के शुभ अवसर पर यह सेवा कार्य आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य भीषण गर्मी में राहगीरों को राहत प्रदान करना तथा समाज में सेवा और सहयोग की भावना को प्रोत्साहित करना रहा। सेवा शिविर में यहां से गुजरने वाले राहगीरों, श्रमिकों, व्यापारियों एवं आमजन को ठंडा शीतल जल एवं ताजगी से भरपूर नींबू पानी निःशुल्क वितरित किया गया। गर्मी से परेशान लोगों ने इस सेवा कार्य की सराहना करते हुए आयोजकों के प्रति आभार व्यक्त किया।
Beawar – कार्यक्रम के दौरान “नर सेवा ही नारायण सेवा है” के भाव के साथ उपस्थित कार्यकर्ताओं एवं समाजसेवियों ने पूरे उत्साह से सेवा कार्य में सहयोग दिया। सेवा स्थल पर लोगों की निरंतर भीड़ लगी रही और कार्यकर्ताओं ने सभी को आत्मीयता के साथ शीतल पेय उपलब्ध कराया। इस पुनीत सेवा कार्य में आर्य समाज के प्रधान भूदेव आर्य, मंत्री राजेंद्र काबरा, ओमप्रकाश नवाल, अभयदेव आर्य, वैभव तोषनीवाल, संजय बाहेती, श्रीमती तारादेवी धूत, रामकरण शर्मा सहित अनेक गणमान्यजन एवं समाजसेवी सहभागी बने। कार्यक्रम के अंत में मंत्री राजेंद्र काबरा ने सभी सहयोगियों एवं उपस्थित जनों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आर्य समाज द्वारा समाजहित में ऐसे सेवा कार्य निरंतर किए जाते रहेंगे। उन्होंने आमजन से भी सेवा कार्यों में सहभागिता निभाने का आह्वान किया।
ब्यावर से शम्भू दयाल व्यास की रिपोर्ट
https://www.facebook.com/profile.php?id=61580815528140
सोजत सिटी// क्रान्तिकारी चंद्रशेखर आज़ाद को ‘राष्ट्र रत्न’ देने की मांग, सोजत में सौंपा ज्ञापन
टोंक// इलियास नकवी मेमोरियल टेनिस प्रतियोगिता पुरूस्कार वितरण के साथ सम्पन्न