लोक सभा अध्यक्ष श्री ओम बिरला ने वनस्थली विद्यापीठ में BRICS Women Leaders Summit के उद्घाटन सत्र को संबोधित किया महिला नेतृत्व और लोकतांत्रिक संस्थाओं में उनकी भागीदारी को सशक्त बनाने पर दिया जोर नारी शक्ति वंदन अधिनियम को महिला राजनीतिक सहभागिता की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया Women Empowerment से Women-led Development की ओर बढ़ने का किया आह्वान
टोंक लोक सभा अध्यक्ष श्री ओम बिरला ने आज राजस्थान के वनस्थली विद्यापीठ में आयोजित BRICS Women Leaders Summit के उद्घाटन सत्र को संबोधित किया। सम्मेलन में BRICS देशों एवं साझेदार राष्ट्रों से आई महिला सांसदों, नीति-निर्माताओं, शिक्षाविदों, उद्यमियों और अन्य प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इस अवसर पर श्री बिरला ने महिला नेतृत्व, लोकतांत्रिक संस्थाओं में उनकी भागीदारी तथा वैश्विक चुनौतियों के समाधान में उनकी भूमिका पर अपने विचार व्यक्त किए। श्री बिरला ने कहा कि वैश्विक शांति, जलवायु परिवर्तन, आतंकवाद और खाद्य सुरक्षा जैसी चुनौतियों का समाधान संवाद, सहयोग और सामूहिक प्रयासों से ही संभव है। कृषि, जल प्रबंधन, खाद्य सुरक्षा, मानवीय सहायता और पुनर्वास जैसे क्षेत्रों में महिलाओं का अनुभव एवं नेतृत्व प्रभावी समाधान प्रस्तुत कर सकता है। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में नारी सदैव शक्ति, सृजन और संवेदना की प्रतीक रही है। स्वतंत्रता संग्राम से लेकर संविधान निर्माण और देश की लोकतांत्रिक यात्रा तक महिलाओं का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण रहा है। आज विज्ञान, शिक्षा, तकनीक, उद्यमिता और शासन सहित प्रत्येक क्षेत्र में भारतीय महिलाएँ अपनी प्रतिभा एवं नेतृत्व से देश का गौरव बढ़ा रही हैं। लोक सभा अध्यक्ष ने कहा कि पंचायतों से संसद तक महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी को सशक्त बनाने की दिशा में नारी शक्ति वंदन अधिनियम एक महत्वपूर्ण पहल है। महिलाओं को शिक्षा, तकनीक, डिजिटल सेवाओं और वित्तीय संसाधनों तक समान अवसर उपलब्ध कराना आवश्यक है। उन्होंने Women Empowerment से आगे बढ़कर Women-led Development की अवधारणा को साकार करने पर जोर दिया, ताकि महिलाएँ विकास की सहभागी होने के साथ-साथ उसकी दिशा निर्धारित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकें। ‘वसुधैव कुटुम्बकम्’ की भावना का उल्लेख करते हुए श्री बिरला ने विभिन्न देशों की महिला नेतृत्वकर्ताओं के बीच निरंतर संवाद, अनुभवों के आदान-प्रदान और अंतरराष्ट्रीय सहयोग को बढ़ावा देने का आह्वान किया। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह सम्मेलन महिला नेतृत्व को नई दिशा देने तथा महिलाओं को सम्मान, सुरक्षा, समान अवसर और निर्णय प्रक्रिया में सार्थक भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए साझा प्रयासों एवं नई साझेदारियों का मार्ग प्रशस्त करेगा। 21 से 23 नवंबर 2026 तक आयोजित BRICS Women Leaders Summit महिला नेतृत्व, राजनीतिक सहभागिता, क्षमता निर्माण, Digital Security और Cyber Safety जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श का अंतरराष्ट्रीय मंच है। सम्मेलन का उद्देश्य विभिन्न देशों के अनुभवों और श्रेष्ठ कार्यप्रणालियों को साझा करते हुए महिला सशक्तीकरण एवं नेतृत्व को प्रोत्साहित करने के लिए सहयोग के नए अवसर विकसित करना है।

Leave a Reply