Arthuna // अरथुना में ‘वन्दे गंगा जल संरक्षण अभियान’ के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

Arthuna – जल संरक्षण एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से “वन्दे गंगा जल संरक्षण अभियान” के अंतर्गत अरथुना ब्लॉक स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन जलग्रहण विकास एवं भू-संरक्षण विभाग द्वारा महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय, अरथुना में किया गया। कार्यक्रम में जल संरक्षण, पर्यावरण सुरक्षा एवं प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण का संदेश देते हुए विभिन्न जन-जागरूकता गतिविधियों एवं प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री प्रहलाद सिंह, सहायक अभियंता रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता सीबीईओ अरथुना श्रीमती माया सैमसन ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में एसीबीईओ श्री सुरेश पाटीदार एवं श्री मनोज शाह उपस्थित रहे। कार्यक्रम में विभागीय अधिकारियों, विद्यालय परिवार, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत एवं अभिनंदन के साथ हुआ। विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री विकास कुमार पाटीदार ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए अभियान के उद्देश्यों एवं इसकी आवश्यकता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि जल संरक्षण केवल वर्तमान की आवश्यकता नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की आधारशिला है। उन्होंने विद्यार्थियों से जल के प्रत्येक स्रोत के संरक्षण एवं जल बचत की आदतों को दैनिक जीवन में अपनाने का आह्वान किया। मुख्य अतिथि श्री प्रहलाद सिंह ने अपने संबोधन में जल संरक्षण के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि वर्तमान समय में जल संकट विश्व की प्रमुख चुनौतियों में से एक बन चुका है। बढ़ती जनसंख्या, भूजल का अत्यधिक दोहन तथा जल स्रोतों के प्रदूषण के कारण स्थिति चिंताजनक होती जा रही है। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि यदि प्रत्येक नागरिक जल बचाने का संकल्प ले तो भविष्य में जल संकट की गंभीरता को काफी हद तक कम किया जा सकता है।
Arthuna – कार्यक्रम की अध्यक्ष श्रीमती माया सैमसन ने 5 जून को मनाए जाने वाले विश्व पर्यावरण दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए पर्यावरण संरक्षण को समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बताया। उन्होंने ग्लोबल वार्मिंग, जलवायु परिवर्तन, बढ़ते तापमान तथा प्राकृतिक संसाधनों के अंधाधुंध दोहन से उत्पन्न चुनौतियों पर चर्चा की। उन्होंने विद्यार्थियों से अधिकाधिक वृक्षारोपण करने, प्लास्टिक के उपयोग को कम करने तथा पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार नागरिक बनने का आह्वान किया। विशिष्ट अतिथियों श्री सुरेश पाटीदार एवं श्री मनोज शाह ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों को जल एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी से ऐसे अभियान समाज में व्यापक जन-जागरूकता उत्पन्न कर सकते हैं। इस अवसर पर विद्यार्थियों के लिए निबंध लेखन, चित्रकला एवं वाद-विवाद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं का विषय जल संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण एवं प्राकृतिक संसाधनों का महत्व रखा गया। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी प्रतिभा एवं जागरूकता का परिचय दिया। जलग्रहण विकास एवं भू-संरक्षण विभाग द्वारा सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों को प्रोत्साहन स्वरूप स्कूल बैग प्रदान किए गए तथा अल्पाहार की व्यवस्था भी की गई। प्रतियोगिताओं में श्री महेन्द्र पाटीदार, श्री राहुल जोशी, सुश्री निराली मेहता, सुश्री लक्ष्मी खांट, श्री दीपक पाटीदार एवं श्री विधान शाह ने निर्णायक की भूमिका निभाई। कार्यक्रम की समस्त व्यवस्थाओं का सफल संचालन प्रियक शरण एवं गुंजन पाटीदार द्वारा किया गया। अंत में विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री लोकेन्द्र पाटीदार ने सभी अतिथियों, अधिकारियों, निर्णायकों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का समापन जल संरक्षण एवं पर्यावरण सुरक्षा की सामूहिक शपथ के साथ हुआ। उपस्थित विद्यार्थियों ने जल बचाने, पर्यावरण की रक्षा करने तथा समाज में जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया। यह कार्यक्रम विद्यार्थियों के लिए ज्ञानवर्धक, प्रेरणादायक एवं पर्यावरणीय चेतना को बढ़ावा देने वाला सिद्ध हुआ।
अरथूना से अब्दुल कमाल कि रिपोर्ट
https://www.facebook.com/profile.php?id=61580815528140
सोजत सिटी// क्रान्तिकारी चंद्रशेखर आज़ाद को ‘राष्ट्र रत्न’ देने की मांग, सोजत में सौंपा ज्ञापन
टोंक// इलियास नकवी मेमोरियल टेनिस प्रतियोगिता पुरूस्कार वितरण के साथ सम्पन्न