Baran // बारां में महिला सुरक्षा का संदेश, पुलिस की जागरूकता रैली से गूंजा शहर

Baran – महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए बारां पुलिस ने महिला सुरक्षा संकल्प अभियान के तहत शहर की सड़कों पर दोपहिया वाहन रैली निकाली। रैली के माध्यम से महिलाओं को उनके कानूनी अधिकार, हेल्पलाइन नंबर, साइबर सुरक्षा और राजकॉप सिटीजन ऐप की जानकारी देकर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। देखिए हमारी यह विशेष रिपोर्ट। राजस्थान पुलिस मुख्यालय जयपुर के निर्देशानुसार 1 जुलाई से 29 जुलाई तक चलाए जा रहे महिला सुरक्षा संकल्प अभियान के तहत बुधवार को बारां में रिजर्व पुलिस लाइन से भव्य दोपहिया वाहन रैली निकाली गई। अभियान का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा संबंधी कानूनों, सरकारी सुविधाओं और हेल्पलाइन सेवाओं के प्रति जागरूक करना रहा। रैली से पहले रिजर्व पुलिस लाइन में संपर्क सभा का आयोजन किया गया, जिसमें अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सौरभ तिवाड़ी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महिला अपराध अनुसंधान सेल राकेश शर्मा सहित जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों की महिला पुलिसकर्मी मौजूद रहीं। बैठक में सार्वजनिक स्थानों पर छेड़छाड़, स्टॉकिंग और महिला अपराधों की रोकथाम के लिए प्रभावी पुलिस व्यवस्था पर विस्तार से चर्चा की गई। इसके बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने हरी झंडी दिखाकर महिला सुरक्षा जागरूकता रैली को रवाना किया।

Baran – रैली शहर के प्रमुख मार्गों—सहकार भवन, चारमूर्ति, प्रताप चौक, धर्मादा चौराहा, हॉस्पिटल रोड होते हुए कोटा रोड तक निकाली गई। इस दौरान आमजन और महिलाओं को महिला सुरक्षा कानूनों, राजकॉप सिटीजन ऐप, महिला गरिमा हेल्पलाइन तथा साइबर हेल्पलाइन की जानकारी दी गई, ताकि किसी भी आपात स्थिति में महिलाएं तुरंत पुलिस की सहायता ले सकें। बारां पुलिस का कहना है कि महिला सुरक्षा केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज की साझा जिम्मेदारी है। इसी सोच के साथ लगातार जागरूकता कार्यक्रम, जनसंपर्क अभियान और महिला सुरक्षा से जुड़े आयोजनों के माध्यम से लोगों को संवेदनशील बनाया जा रहा है, ताकि महिलाओं के लिए सुरक्षित और भयमुक्त वातावरण सुनिश्चित किया जा सके। यह अभियान महिलाओं के आत्मविश्वास को मजबूत करने और अपराधों की रोकथाम की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। बारां पुलिस का यह अभियान साफ संदेश देता है कि जागरूकता ही सुरक्षा की पहली सीढ़ी है। महिला सुरक्षा कानूनों की जानकारी, हेल्पलाइन सेवाओं का उपयोग और पुलिस के साथ बेहतर संवाद महिलाओं को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
बारां से राजेश कुमार मंगल की रिपोर्ट
https://www.facebook.com/profile.php?id=61580815528140
सोजत सिटी// क्रान्तिकारी चंद्रशेखर आज़ाद को ‘राष्ट्र रत्न’ देने की मांग, सोजत में सौंपा ज्ञापन
टोंक// इलियास नकवी मेमोरियल टेनिस प्रतियोगिता पुरूस्कार वितरण के साथ सम्पन्न