BARAN // बारां पुलिस का ‘ऑपरेशन नशा-विनाश’: नाकाबंदी तोड़ भाग रही स्कॉर्पियो को लोहे की कीलों से रोका, 131 किलो डोडा चूरा जब्त

BARAN – जिले में नशे के सौदागरों के खिलाफ बारां पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक आनन्द के निर्देशन में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन नशा-विनाश’ के तहत हरनावदाशाहजी पुलिस ने फिल्मी स्टाइल में पीछा कर एक सफेद रंग की स्कॉर्पियो से 131.500 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ डोडा चूरा बरामद किया है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त वाहन को जब्त कर लिया है, हालांकि आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहा।
फिल्मी अंदाज में हुई कार्रवाई,अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश चौधरी व वृत्ताधिकारी छबड़ा ताराचन्द के नेतृत्व में थानाधिकारी दीनदयाल के साथ पुलिस टीम बंजारी ग्राम के पास मुख्य सड़क पर नाकाबंदी कर रही थी।
BARAN – इसी दौरान हरनावदाशाहजी की ओर से आ रही एक संदिग्ध स्कॉर्पियो को रुकने का इशारा किया गया। पुलिस को देख चालक ने रफ्तार बढ़ा दी और नाकाबंदी तोड़कर भागने का प्रयास किया।
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए सड़क पर लोहे की कीलों वाला पट्टा बिछा दिया, जिससे गाड़ी के टायर पंक्चर हो गए। इसके बावजूद तस्कर गाड़ी को कुछ दूर तक भगा ले गया, लेकिन आगे रास्ता न देख वह स्कॉर्पियो को सड़क पर ही छोड़कर खेतों के रास्ते फरार हो गया।
तलाशी में मिला भारी जखीरा,पुलिस ने जब लावारिस खड़ी स्कॉर्पियो की तलाशी ली, तो दंग रह गई। गाड़ी की बीच वाली और पिछली सीटों पर 9 प्लास्टिक के काले कट्टे भरे हुए थे। कट्टों को खोलने पर उनमें अवैध डोडा चूरा पाया गया, जिसका कुल वजन 131 किलो 500 ग्राम निकला। गाड़ी से पुलिस ने एक मोबाइल फोन भी बरामद किया है।
इन धाराओं में हुआ मामला दर्ज
BARAN – पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15 और 25 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच छीपाबड़ौद थानाधिकारी योगेश चौहान को सौंपी गई है। पुलिस अब फरार चालक और इस तस्करी गिरोह के मुख्य सरगनाओं की तलाश में जुटी है।
सराहनीय भूमिका निभाने वाली पुलिस टीम:
इस बड़ी कार्रवाई में हरनावदाशाहजी थानाधिकारी दीनदयाल, कांस्टेबल बांकेबिहारी, विकास, ओमप्रकाश, गिरवरसिंह और जितेन्द्र की विशेष भूमिका रही।
बारां से राजेश मंगल की रिपोर्ट