Beawar // 21 जून को ब्यावर में होगा जिला स्तरीय योग दिवस समारोह

Beawar – 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस-2026 के सफल आयोजन एवं व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला कलक्टर श्री कमल राम मीना की अध्यक्षता में सोमवार को जिला कलक्टर सभागार में जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में 21 जून को सुभाष उद्यान, राठी पवेलियन, ब्यावर में आयोजित होने वाले जिला स्तरीय मुख्य समारोह की तैयारियों की समीक्षा कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। जिला कलक्टर श्री मीना ने कहा कि योग भारत की प्राचीन सांस्कृतिक विरासत है, जो स्वस्थ, संतुलित एवं सकारात्मक जीवनशैली का आधार है। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को जनआंदोलन का स्वरूप देने तथा अधिक से अधिक लोगों को योग से जोड़ने के लिए सभी विभाग समन्वित रूप से कार्य करें। उन्होंने योग दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों, विद्यार्थियों, स्वयंसेवी संगठनों, सामाजिक संस्थाओं एवं आमजन की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में बताया गया कि इस वर्ष 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की थीम “योग फॉर हेल्दी एजिंग (Yoga for Healthy Ageing)” निर्धारित की गई है। बैठक में जिला, ब्लॉक एवं ग्राम स्तर पर आयोजित किए जाने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा पर चर्चा की गई। विभिन्न विभागों को सौंपे गए दायित्वों की समीक्षा करते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही विद्यालयों, महाविद्यालयों, सरकारी कार्यालयों तथा सामाजिक संगठनों के माध्यम से योग के प्रति जागरूकता बढ़ाने एवं अधिकाधिक पंजीयन कराने पर जोर दिया गया।
Beawar – बैठक में जानकारी दी गई कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में आमजन के लिए ऑनलाइन पंजीयन की व्यवस्था की गई है। योग संबंधी जानकारी एवं पंजीयन के लिए टोल फ्री हेल्पलाइन 1800-315-7008 उपलब्ध है। बैठक में बताया गया कि जिला स्तरीय मुख्य समारोह 21 जून 2026 को प्रातः 7 बजे से 8 बजे तक सुभाष उद्यान, राठी पवेलियन, ब्यावर में आयोजित किया जाएगा। समारोह में जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी, विद्यार्थी, स्वयंसेवी संस्थाएं एवं बड़ी संख्या में आमजन सामूहिक योगाभ्यास करेंगे। जिला कलक्टर श्री मीना ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए योग दिवस कार्यक्रम को सफल बनाने तथा अधिकतम जनभागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने आमजन से भी योग को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने एवं योग दिवस कार्यक्रमों में उत्साहपूर्वक भाग लेने का आह्वान किया। बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर श्री ब्रह्मलाल जाट, आयुष विभाग के सहायक निदेशक एवं जिला नोडल अधिकारी डॉ. सी.पी. सेन, जिला स्तरीय समन्वय समिति के सदस्य, विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा संबंधित संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
ब्यावर से शम्भू दयाल व्यास की रिपोर्ट
https://www.facebook.com/profile.php?id=61580815528140
सोजत सिटी// क्रान्तिकारी चंद्रशेखर आज़ाद को ‘राष्ट्र रत्न’ देने की मांग, सोजत में सौंपा ज्ञापन
टोंक// इलियास नकवी मेमोरियल टेनिस प्रतियोगिता पुरूस्कार वितरण के साथ सम्पन्न