Beawar // आचार्य श्री विहर्ष सागर जी महाराज का ब्यावर में भव्य मंगल प्रवेश, श्रद्धालुओं का उमड़ा जनसैलाब

Beawar – सकल दिगम्बर जैन समाज के तत्वावधान में राष्ट्र संत आचार्य श्री 108 विहर्ष सागर जी महाराज ससंघ का बुधवार को ब्यावर नगर में भव्य, ऐतिहासिक एवं धर्ममय मंगल प्रवेश हुआ। आचार्यश्री के नगर आगमन पर श्रद्धालुओं में अपार उत्साह देखने को मिला तथा हजारों धर्मप्रेमी मंगल प्रवेश यात्रा में शामिल हुए। पूरे नगर में दिनभर धार्मिक उल्लास और उत्सव जैसा वातावरण बना रहा। दिगम्बर जैन समाज के प्रवक्ता राकेश जैन ने बताया कि आचार्य श्री विहर्ष सागर जी महाराज ससंघ के मंगल प्रवेश को लेकर समाजजनों द्वारा विशेष तैयारियां की गई थीं। प्रातःकाल से ही श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। नगर के विभिन्न क्षेत्रों से समाजजन एवं धर्मानुरागी बड़ी संख्या में यात्रा में शामिल होने पहुंचे। आचार्यश्री के आगमन को समाज के लिए अत्यंत सौभाग्य एवं गौरव का अवसर माना जा रहा है। मंगल प्रवेश यात्रा का शुभारंभ विक्रांत होटल, भगत चौराहा से हुआ। धर्मध्वजाओं, भक्ति संगीत एवं जयघोषों के बीच निकली यात्रा में श्रद्धालु आचार्यश्री के दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित करते रहे। महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में सिर पर मंगल कलश धारण कर यात्रा की शोभा बढ़ाई, वहीं युवाओं एवं बच्चों ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई। यात्रा विक्रांत होटल से प्रारंभ होकर बड़ा मंदिर जी, पांच बत्ती, अजमेरी गेट सहित नगर के प्रमुख मार्गों से होती हुई श्री दिगम्बर जैन पंचायती नसिया जी पहुंची। मार्ग में विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं द्वारा आचार्यश्री का पाद प्रक्षालन किया गया तथा आरती उतारकर आशीर्वाद प्राप्त किया गया। पूरी यात्रा के दौरान “आचार्य श्री विहर्ष सागर जी महाराज की जय”, “जिन शासन की जय” एवं “वीर प्रभु की जय” के जयघोषों से वातावरण गुंजायमान रहा। नगरवासियों ने मार्ग के दोनों ओर खड़े होकर आचार्यश्री के दर्शन किए और धर्म लाभ प्राप्त किया। श्रद्धालुओं की आस्था एवं भक्ति से संपूर्ण वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा से ओतप्रोत नजर आया।

Beawar – मंगल प्रवेश यात्रा का समापन श्री दिगम्बर जैन पंचायती नसिया जी में हुआ, जहां बड़ी संख्या में उपस्थित श्रद्धालुओं ने आचार्यश्री के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। समाज के अध्यक्ष सुशील बड़जात्या एवं मंत्री रितेश फागीवाल ने बताया कि आचार्यश्री के सान्निध्य में आगामी दिनों में विभिन्न धार्मिक, आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनका लाभ समाज के सभी वर्गों को प्राप्त होगा। दैनिक धार्मिक कार्यक्रमों की घोषणा प्रवक्ता राकेश जैन ने बताया कि परम पूज्य आचार्य श्री 108 विहर्ष सागर जी महाराज के पावन सान्निध्य में श्री दिगम्बर जैन पंचायती नसिया, सूरजपोल गेट के बाहर प्रतिदिन विविध धार्मिक एवं आध्यात्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रमों में प्रातः 5:30 बजे सामूहिक भक्ति एवं आचार्य वंदना, 7:30 बजे अभिषेक एवं शांतिधारा, 7:30 बजे स्वाध्याय, 8:00 बजे मंगल प्रवचन, 9:30 बजे आहार चर्या, 11:30 बजे सामायिक, दोपहर 3:30 बजे स्वाध्याय, सायं 5:30 बजे प्रतिक्रमण, 6:30 बजे गुरु भक्ति एवं आनंद यात्रा तथा रात्रि 8:45 बजे व्यावृत्ति का आयोजन होगा। उन्होंने समस्त धर्मानुरागी बंधुओं से समय पर उपस्थित होकर गुरुदेव के पावन सान्निध्य का लाभ लेने तथा अपने जीवन को धर्ममय एवं संस्कारमय बनाने का आग्रह किया। आचार्य श्री विहर्ष सागर जी महाराज ससंघ के मंगल प्रवेश को लेकर पूरे नगर में दिनभर उत्सवपूर्ण माहौल बना रहा। श्रद्धालुओं ने इसे ब्यावर के धार्मिक इतिहास का एक महत्वपूर्ण एवं अविस्मरणीय अवसर बताते हुए आचार्यश्री के प्रति अपनी गहन श्रद्धा एवं भक्ति व्यक्त की।
ब्यावर से शम्भू दयाल व्यास की रिपोर्ट
https://www.facebook.com/profile.php?id=61580815528140
सोजत सिटी// क्रान्तिकारी चंद्रशेखर आज़ाद को ‘राष्ट्र रत्न’ देने की मांग, सोजत में सौंपा ज्ञापन
टोंक// इलियास नकवी मेमोरियल टेनिस प्रतियोगिता पुरूस्कार वितरण के साथ सम्पन्न