Beawar // बिजली और पेयजल संकट को लेकर कांग्रेस नेता दिनेश शर्मा का सरकार पर निशाना, गौ हत्या पर पूर्ण प्रतिबंध की मांग

Beawar – कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं इंटक के प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष दिनेश शर्मा ने प्रदेश में पड़ रही भीषण गर्मी के बीच बिजली कटौती और पेयजल संकट को लेकर राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि आम जनता इन समस्याओं से त्रस्त है तथा सरकार को तत्काल प्रभावी कदम उठाने चाहिए। जारी प्रेस विज्ञप्ति में शर्मा ने कहा कि एक ओर प्रदेशवासी प्रचंड गर्मी की मार झेल रहे हैं, वहीं दूसरी ओर घोषित एवं अघोषित बिजली कटौती ने लोगों की परेशानियां और बढ़ा दी हैं। लगातार हो रही बिजली कटौती के कारण घरों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों और छोटे उद्योगों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि पेयजल आपूर्ति की स्थिति भी चिंताजनक बनी हुई है। बीसलपुर बांध में पर्याप्त जल उपलब्ध होने के बावजूद कई क्षेत्रों में चार-पांच दिन के अंतराल से जलापूर्ति हो रही है। लंबे अंतराल के बाद कुछ ही मिनटों के लिए पानी की सप्लाई होने से अनेक परिवार पर्याप्त पानी संग्रह नहीं कर पा रहे हैं, जिससे उन्हें मजबूरन महंगे दामों पर पानी के टैंकर मंगवाने पड़ रहे हैं। इससे आमजन पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। शर्मा ने आरोप लगाया कि भीषण गर्मी, बिजली संकट और पेयजल समस्या के कारण जनता का जीवन प्रभावित हो रहा है, जबकि सरकार इन मूलभूत समस्याओं के समाधान के प्रति गंभीर नजर नहीं आ रही। उन्होंने कहा कि विकास और सुशासन के दावों को धरातल पर उतारने की आवश्यकता है ताकि आम जनता को राहत मिल सके।
Beawar – उन्होंने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों में आमजन, छोटे व्यापारी और लघु उद्योग संचालक अनेक कठिनाइयों का सामना कर रहे हैं। सरकार को बिजली एवं जलापूर्ति व्यवस्था में सुधार के लिए तत्काल ठोस कदम उठाने चाहिए। देशभर में गौ हत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की मांग एक अन्य बयान में दिनेश शर्मा ने केंद्र सरकार से देशभर में गौ हत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की मांग की। उन्होंने कहा कि गौ संरक्षण भारतीय संस्कृति और आस्था से जुड़ा विषय है तथा सरकार को इस दिशा में प्रभावी कदम उठाने चाहिए। शर्मा ने गौमाता को राष्ट्रीय पशु घोषित करने की मांग करते हुए कहा कि गौ हत्या पर सख्ती से रोक लगाई जाए तथा गौमांस के निर्यात पर भी प्रतिबंध लगाया जाए। उन्होंने केंद्र सरकार से इस विषय पर शीघ्र निर्णय लेने का आग्रह किया।
ब्यावर से शम्भू दयाल व्यास की रिपोर्ट
https://www.facebook.com/profile.php?id=61580815528140